खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने उपार्जन केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण, सख्ती के दिए निर्देश

 


रायसेन, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बुधवार को भोपाल से सागर जाते समय अचानक रायसेन जिले के सेहतगंज स्थित उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री स्वयं मैदान में पहुंचे और उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने तुलाई प्रक्रिया, गेहूं खरीदी व्यवस्था, वारदाने की गुणवत्ता तथा संपूर्ण संचालन प्रणाली की विस्तृत जांच की। इस दौरान मंत्री ने वारदाने और भरे बोरे के गेहूं का वजन कर पारदर्शिता की स्थिति को परखा।

मंत्री राजपूत ने उपार्जन केंद्र पर ऑटो कनेक्टिविटी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए तथा खरीदी एवं तुलाई प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उपार्जन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कार्य में शिथिलता पाए जाने पर मंत्री ने संबंधित सर्वे कर्मचारियों वसुंधरा गौर एवं शिवराज लोधी को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से जुड़ी व्यवस्थाओं में ढिलाई किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी।

मंत्री ने मौके पर उपस्थित किसानों से सीधा संवाद भी किया। रंगपुर के किसान किशन गोपी और कैलाश यादव ने बताया कि उन्हें उपार्जन प्रक्रिया में कोई परेशानी नहीं हो रही है तथा उनकी फसल की तुलाई समय पर एवं सुचारू रूप से की जा रही है। किसानों ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इसके बाद खाद्य मंत्री ने रतनपुर स्थित प्रेम वेयर हाउस का भी निरीक्षण किया, जहां किसानों ने उपार्जन व्यवस्था को संतोषजनक बताया। निरीक्षण के दौरान कमल सोलंकी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायसेन, राजू कायुलकर जिला आपूर्ति अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री राजपूत ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और गेहूं उपार्जन कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न किया जाए। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और लापरवाही किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे