जबलपुरः खाद्य विभाग का चाट भंडार के कारखाने पर छापा , घरेलू सिलेंडर सहित अमान्य सामग्री मिली
जबलपुर, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में महात्मा गांधी वार्ड अंतर्गत दीक्षितपुरा क्षेत्र में शुक्रवार को खाद्य विभाग ने अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार किए जाने की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही जनशिकायतों के बाद खाद्य अधिकारी देवेंद्र दुबे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने ठाकुर चाट भंडार के कारखाने पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां स्वच्छता मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई।
निरीक्षण में पाया गया कि पूर्व में राम मंदिर के एक भूखंड से अतिक्रमण हटाए जाने के बाद संचालक द्वारा खुले स्थान पर ही चाट और अन्य खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। खुले में भोजन बनाने से क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही थी, जिससे स्थानीय रहवासियों में भारी नाराजगी थी। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद खाद्य विभाग ने यह छापामार कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान एक और गंभीर अनियमितता सामने आई। अधिकारियों ने पाया कि व्यावसायिक उपयोग के लिए घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है। खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर मिली सभी अनियमितताओं का दस्तावेजीकरण किया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जाएगी ताकि नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक