जबलपुर : त्यौहार पर बांटी मिठाई में मिले कॉकरोच और कीड़े, कर्मचारियों में आक्रोश
जबलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) प्रशासन द्वारा त्योहार के अवसर पर कर्मचारियों को वितरित की गई मिठाई में कॉकरोच और कीड़े मिलने का मामला सामने आने के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। शनिवार को मिठाई की गुणवत्ता को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। श्रमिक संगठन ‘मिले हाथ’ ने घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच कराने और मिठाई के नमूने फूड टेस्टिंग के लिए भेजने की मांग की है।
श्रमिक संघ का आरोप है कि इंडस्ट्रियल कैंटीन में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और रख-रखाव को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। त्योहार के मौके पर कर्मचारियों को वितरित मिठाई के डिब्बों में कथित तौर पर कॉकरोच और कीड़े मिलने से कैंटीन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि इंडस्ट्रियल कैंटीन में भोजन की स्वच्छता और खाद्य सामग्री के रख-रखाव को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जाती रही हैं। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। कर्मचारियों ने मांग की है कि कैंटीन में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच के साथ ही समय-समय पर औचक निरीक्षण भी कराया जाए।
‘मिले हाथ’ संघ ने प्रशासन से मिठाई के नमूने तत्काल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजने, रिपोर्ट सार्वजनिक करने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। संघ का कहना है कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य से जुड़े मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, जीसीएफ कार्यसमिति की ओर से मामले में अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आने से कर्मचारियों की चिंता और असंतोष बढ़ता जा रहा है। संघ ने कैंटीन की स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता व्यवस्था की व्यापक जांच कराने की भी मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक