शहडोल : मालवा की तर्ज पर अब शहडोल में भी लहलहाएगी काबुली चने की फसल

 




शहडोल, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में परंपरागत खेती से आगे बढ़कर जिले के किसानों को नई फसलों से जोड़ने की पहल कर रहे हैं। जिले की धरती पर पहली बार काबुली चने की खेती का प्रयोग होने जा रहा है। कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के माध्यम से जिले के 30 किसानों का चयन किया गया है, जो इस रबी सीजन में एक-एक एकड़ में काबुली चने की खेती करेंगे।

विभाग की ओर से किसानों को अनुदान पर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए चार क्विंटल बीज की व्यवस्था की गई है। कृषि विभाग को उम्मीद है कि शहडोल की मिट्टी और जलवायु में काबुली चने की खेती की अच्छी संभावनाएं हैं। मालवा क्षेत्र में काबुली चने की खेती से किसानों को मिलने वाले लाभ को देखते हुए अब इसी तर्ज पर शहडोल में भी इसका प्रयोग किया जा रहा है। चयनित किसानों को खेती शुरू करने से पहले प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है, ताकि वे वैज्ञानिक तरीके से फसल की बोवनी और देखभाल कर सकें।

सफल प्रयोग से खुलेगी खेती की नई राह

आत्मा परियोजना के डीडीओ ओएस वर्मन ने बुधवार को बताया कि इस वर्ष नवाचार के तौर पर किसानों से काबुली चने की खेती कराई जा रही है। किसानों को अनुदान पर बीज दिया जा रहा है। यदि मौसम और अन्य परिस्थितियां अनुकूल रहीं तथा उत्पादन अच्छा मिला तो अगले वर्ष इसका रकबा बढ़ाया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि किसान पारंपरिक फसलों के साथ ऐसी फसलों को भी अपनाएं, जिनसे उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ मिल सके।

चिया की खेती के बाद अब काबुली चने पर नजर

इसके पहले जिले में नवाचार के तौर पर चिया की खेती कराई गई थी। इसमें किसानों को अच्छा उत्पादन मिला और परंपरागत खेती से हटकर नई फसल अपनाने के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ा। हालांकि उत्पादन के बाद बाजार उपलब्ध नहीं होने से किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका। जिले में चिया के खरीदारों की कमी और आसपास उचित बाजार नहीं होने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी हुई।

काबुली चने के मामले में कृषि विभाग को बाजार की बेहतर संभावनाएं नजर आ रही हैं। देशभर में इसकी खपत और मांग बनी रहती है। सामान्य चने की तुलना में इसके बेहतर दाम मिलने की संभावना भी रहती है। ऐसे में विभाग को उम्मीद है कि काबुली चने की खेती किसानों के लिए लाभ का नया विकल्प बन सकती है। अब इस सीजन में होने वाला उत्पादन तय करेगा कि आने वाले वर्षों में शहडोल जिले में इस फसल का रकबा कितना बढ़ पाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला