मप्रः स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण
भोपाल, 15 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। तीनों नेताओं ने प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के बाद नेताओं ने एक-दूसरे और पार्टी पदाधिकारियों को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को याद किया गया।
भारत की विकास यात्रा गौरवपूर्ण: मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत का अतीत गौरवशाली रहा है और देश ने हमेशा दुनिया के सामने मानवता की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी लाखों स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और वीर सपूतों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और संकल्पों को दोहराने का पर्व भी है।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास कर रहा है और 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। भारत की बढ़ती सामर्थ्य और युवा आबादी को देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि अमृतकाल में देश नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
परिवारवाद और अर्बन नक्सलिज्म को बताया चुनौती
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए परिवारवाद और अर्बन नक्सलिज्म जैसी चुनौतियों से लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि भारत अपनी एकता, सामर्थ्य और लोकतांत्रिक शक्ति के बल पर हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय से भाजपा जिन विचारों और संकल्पों को लेकर आगे बढ़ी, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भूमिका निभा रहा है।
1857 के बलिदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को याद करते हुए 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई सहित अनेक क्रांतिकारियों के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले प्रवासी भारतीयों ने भी अपने-अपने स्तर पर आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के सभी प्रधानमंत्रियों ने अपने-अपने स्तर पर राष्ट्र निर्माण और विकास में योगदान दिया है। वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान और प्रभाव लगातार मजबूत हुआ है।
तिरंगा यात्राओं से गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रदेशभर में आयोजित तिरंगा यात्राओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के साथ विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।
विकसित राष्ट्र के निर्माण में जुटा हर कार्यकर्ता: हेमंत खंडेलवाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश को आजादी दिलाई। उनकी कुर्बानी व्यर्थ न जाए और देश की एकता, अखंडता तथा संप्रभुता अक्षुण्ण रहे, यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी जनहित और विकास के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, वरिष्ठ नेता माखनसिंह चौहान, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत, राजो मालवीय, संगीता सोनी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे प्रदेश कार्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति का माहौल रहा। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने के साथ विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे