अनूपपुर: दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 5 घायल

 




अनूपपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला चिकित्सालय में सोमवार की दोपहर दो अलग-अलग घटनाओं में पांच घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जिनमें तीन को गंभीर चोट आई है, वहीं दो सामान्य चोटें है। सभी का इलाज जारी है।

पहली घटना जिला मुख्यालय अनूपपुर के जिला सत्र न्यायालय के सामने जहां सिन्दूरी गांव से सब्जी मंडी अनूपपुर जा रहे 65 वर्षीय राम सजीवन राठौर अनूपपुर को सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें राम सजीवन राठौर के साथ दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों 22 वर्षीय कृष्णा कोल पुत्र समयलाल कोल, चचेरा भाई 26 वर्षीय अजय कोल और गांव का अन्य साथी नरेश कोल तीनों निवासी ग्राम कुसुम्हाई अनूपपुर घायल हुए। इनमें राम सजीवन राठौर और अजय कोल को गंभीर चोट आई, अजय के सिर फट गए, हाथ और पैर में चोट है, वहीं रामसजीवन राठौर के पैर में कमर में चोट है, डॉक्टर ने दोनों को एक्सरे की सलाह दी है। जबकि घटना के बाद घायल नरेश कोल मौके से भाग निकला।

घायल रामसजीवन राठौर के अनुसार वह सिंदूरी गांव से सब्जी मंडी जा रहे थे, न्यायालय के पास वह बाइक लेकर साइड खड़े थे, तभी सामने से एक बाइक पर तीन युवक सवार तेजी से उनके बाइक से जा टकराये। युवक कुसुम्हाई से अनूपपुर घूमने आए थे, जहां से घर लौट रहे थे तभी न्यायालय के पास टक्कर हो गई।

दूसरी घटना कोतमा थाना क्षेत्र के जमुडी गांव के पास सोमवार को एक बाइक पर दो वृद्ध 65 वर्षीय बुंदेलाल गोंड,पड़ोसी 60 वर्षीय रामवती पति रामप्रसाद दोनों निवासी ग्राम लोढ़ी थाना अनूपपुर को पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वाहन क्रमांक एमपह 20 जेडटी 0136 ने टक्कर मार दी। घटना में दोनों वृद्ध घायल हो गए। इस दौरान वृद्धों की पीड़ा को देखते कृष्णानन्द केवट ने मानवीयता दिखाते दोनों घायलों को अपनी बाइक से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया है। कृष्णानंद केवट दोनों घायलों को पुनः जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे जहां घायलों का इलाज जारी है।

घायल बुंदेलाल गोंड ने बताया कि वह पड़ोसी जिनका घर कुशार मरवाही थाना छत्तीसगढ़ है लेकिन लोढ़ी में ही निवास करती है जिनका राशन कुशार से उठता है लेने बाइक से कुशार जा रहे थे। लेकिन जमुडी के पास पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। वृद्धा रामवती के पैर में चोट आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला