अनूपपुर: जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूर्ण

 


अनूपपुर, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का फील्ड कार्य 30 मई को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। भारत सरकार द्वारा अधिसूचित 33 प्रश्नों के माध्यम से जिले के प्रत्येक ग्राम एवं नगरीय क्षेत्र में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकानों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों संबंधी जानकारी मोबाइल एप के जरिए डिजिटल रूप से एकत्रित की गई। इस व्यापक राष्ट्रीय अभियान की सतत मॉनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से की गई, जिससे कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा समयबद्धता सुनिश्चित हुई।

सोमवार को कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी हर्षल पंचोली ने बताया कि जनगणना 2027 के इस प्रथम चरण को समय-सीमा में और त्रुटिरहित पूरा करने के लिए जिले को 14 चार्ज क्षेत्रों में विभाजित किया गया था। इस महाअभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए जिले में 1195 प्रगणकों तथा 198 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई थी। सभी 1393 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने फील्ड स्तर पर बेहतरीन समन्वय और तत्परता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप जिला स्तर पर इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य को सुगमता से अंजाम दिया जा सका।

उल्लेखनीय है कि इस बार डिजिटल जनगणना के तहत नागरिकों को स्व-गणना का एक विशेष अवसर भी प्रदान किया गया था। फील्ड कार्य प्रारंभ होने से पूर्व 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित की गई इस प्रक्रिया में जिले के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चलाए गए जागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणाम स्वरूप अनूपपुर जिले के 9900 परिवारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराई, जो नागरिक सहभागिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।

कलेक्टर ने जिले के नागरिकों को आश्वस्त करते हुए बताया कि जनगणना प्रक्रिया के वैधानिक प्रावधानों के तहत इस दौरान संकलित की गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां जनगणना अधिनियम, 1948 तथा जनगणना नियमावली, 1990 के नियमों के अंतर्गत पूर्णतः गोपनीय रहेंगी। इन आंकड़ों का उपयोग किसी व्यक्तिगत विवरण के रूप में न होकर केवल भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीति-निर्माण तथा विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत वास्तविक जनसंख्या की गणना का कार्य फरवरी 2027 में संपादित किया जाएगा।

जनगणना के प्रथम चरण के सफल एवं समयबद्ध संपादन पर कलेक्टर हर्षल पंचोली ने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, फील्ड कर्मचारियों तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला