पन्ना टाइगर रिजर्व में जुड़वा हथिनी शावकों रोहिणी और केतकी का पहला जन्मदिन मनाया

 


पन्ना, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के इतिहास में पहली बार जन्मी जुड़वा हथिनी शावकों रोहिणी और केतकी का शनिवार को पहला जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हिनौता हाथी कैंप में आयोजित समारोह में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शामिल होकर दोनों नन्ही हथिनियों को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विशेष रूप से तैयार केक काटा गया। इसके बाद 57 वर्षीय मां अनारकली और उसकी दोनों बेटियों को केला, सेब, लड्डू और गुड़ के विशेष व्यंजन खिलाए गए। हथिनी अनारकली ने भी सूंड उठाकर अतिथियों का अभिवादन किया।

उल्लेखनीय है कि 21 नवंबर 2025 को हथिनी अनारकली ने हिनौता परिक्षेत्र में महज साढ़े तीन घंटे के अंतराल में दो मादा शावकों को जन्म देकर इतिहास रचा था। पहली शावक का जन्म दोपहर 2.20 बजे खैरिया स्थल पर हुआ था, जबकि दूसरी शावक ने शाम 5.50 बजे हिनौता हाथी कैंप में जन्म लिया था।

हाथी विशेषज्ञों और अंतरराष्ट्रीय संस्था 'सेव द एलिफेंट्स' के अनुसार हाथियों में जुड़वा बच्चों का जन्म अत्यंत दुर्लभ घटना है। इसकी संभावना एक प्रतिशत से भी कम होती है। हाथियों का गर्भकाल 18 से 22 माह का होता है। वहीं, हथिनी में केवल दो दुग्ध ग्रंथियां होने के कारण जुड़वा शावकों को पर्याप्त पोषण मिलना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में जंगल में दोनों शावकों का जीवित रहना मुश्किल माना जाता है।

देश में कर्नाटक के बांदीपुर सहित कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही हाथियों के जुड़वा बच्चों के जन्म के मामले सामने आए हैं। ऐसे में पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारियों, महावतों और प्रबंधन दल की लगातार निगरानी और देखभाल से दोनों शावकों का स्वस्थ रूप से एक वर्ष पूरा करना वन्यजीव संरक्षण की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

वर्ष 1986 में सोनपुर मेले से पन्ना लाई गई हथिनी अनारकली पिछले करीब चार दशक से बाघों की निगरानी, गश्ती और रेस्क्यू कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जुड़वा शावकों का जन्म उसका छठा प्रसव था। दोनों बेटियों के जन्म के बाद पन्ना टाइगर रिजर्व के हाथी दल की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।

समारोह में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एल. कृष्णमूर्ति, क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव, कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सब्यसाची सराफ और उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल सहित ग्राम पंचायत हिनौता के सरपंच तथा ईको विकास समिति के अध्यक्ष उपस्थित रहे। अधिकारियों ने दोनों हथिनी शावकों की बेहतर देखभाल के लिए महावत दल की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे