जबलपुर : शेल्बी हॉस्पिटल के कमरे में लगी आग, मरीजों में मची अफरा-तफरी
जबलपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के शेल्बी हॉस्पिटल में शनिवार रविवार दरमियानी रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल के कमरा नंबर 315 में अचानक आग लग गई। कमरे से काला धुआं और आग की लपटें उठती देख भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और ड्यूटी पर तैनात अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल स्थानीय दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र से सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या झुलसने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। दमकल विभाग और तकनीकी टीम घटना की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक