जबलपुर : चूल्हे की चिंगारी से भड़की आग, महिला जिंदा जली; घर में ही मौत

 




जबलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा में वार्ड नंबर 9 के इमलहापुरा में शनिवार दोपहर चूल्हे से भड़की आग ने एक महिला की जान ले ली। मृतका की पहचान पूजा कोल (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पूजा का पति बंटी कोल मजदूरी करता है, जबकि पूजा कबाड़ बीनकर परिवार का गुजारा करने में सहयोग करती थी।

शनिवार दोपहर करीब 3 बजे पति मजदूरी से घर लौटा था। पूजा ने उसे खाना खिलाया, जिसके बाद वह घूमने चला गया। इसी दौरान पूजा चूल्हे पर खाना बना रही थी। तभी आग कपड़ों तक पहुंची और पूरे घर में फैल गई।

घनी बस्ती में आग बुझाने पहुंची नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। रास्ते में नीचे लटक रही बिजली की केबल को ऊपर करवाने के बाद वाहन मौके तक पहुंच सका। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सूचना पर पहुंची सिहोरा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक