इंदौर में प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में लगी भीषण आग, बुझाने में जुटी दमकल, कई किलोमीटर दूर तक दिख रहा धुंआ
इंदौर, 16 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के धार रोड पर स्थित 'डीयू ड्रॉप एरिगेशन' नाम की प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार सुबह करीब 7 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि इससे निकलने वाला काले धुएं का गुब्बार कई किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आ रहा था। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल सहित पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास के पूरे इलाके को खाली करा लिया गया है ताकि कोई जनहानि न हो। राहत की बात यह रही कि आज अमावस्या होने के कारण फैक्ट्री में मजदूर नहीं आए थे। फैक्ट्री संचालक मोहम्मद जावेद कुरैशी ने बताया कि कारखाने में दिन-रात की शिफ्ट में करीब 30 से 35 लोग काम करते हैं, लेकिन छुट्टी होने की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। संचालक के मुताबिक, आग परिसर में लगी डीपी में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी थी, जिसने वहां रखे प्लास्टिक दाने के कारण देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 7 गाड़ियां पिछले 4 घंटों से लगातार मशक्कत कर रही हैं, जिसमें अब तक 35 टैंकर से ज्यादा पानी और विशेष फोम का इस्तेमाल किया जा चुका है। आरआरसीएटी के डिप्टी फायर ऑफिसर अजय कुमार ने बताया कि मौके पर पानी का कोई सीधा स्रोत न होने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए बाहरी टैंकरों से दमकल की गाड़ियों को रीफिल किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर श्रीराम तरावली के सरपंच जितेंद्र चौधरी और ग्रामीणों ने भी अपने ट्यूबवेल से पानी उपलब्ध कराकर मदद की। आग की तीव्रता को देखते हुए आधुनिक फायर फाइटिंग रोबोट और पोकलेन मशीनों को भी काम पर लगाया गया है। दमकल कर्मी फैक्ट्री के टीन शेड और मलबे को हटाकर पानी डाल रहे हैं, क्योंकि फिलहाल फैक्ट्री के अंदर घुसना मुमकिन नहीं है। अधिकारियों के अनुसार आग पूरी तरह काबू में आने में अभी दो से तीन घंटे का समय और लग सकता है।
इस घटना के दौरान पास ही स्थित दिलीप की हर्बल प्रोडक्ट फैक्ट्री पर भी खतरा मंडरा रहा है, जिससे सटे होने के कारण आग फैलने का डर बना हुआ है। घटना में फैक्ट्री के भीतर रखा लाखों का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने कहा कि स्थिति को जल्द ही पूरी तरह नियंत्रित कर लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सभी फैक्ट्री मालिकों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने कारखानों में आग पर काबू पाने के पुख्ता इंतजाम अनिवार्य रूप से रखें। फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए दमकल की टीम जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत