स्कूल की रसोई में भड़की आग,बच्चों काे देख विधायक ने जान जोखिम में डालकर बाहर निकाला गैस सिलेंडर

 


हरदा, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के टिमरनी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्राथमिक शाला खुदिया की रसोई में मध्यान्ह भोजन बनाते समय अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटों के बीच रसोई में रखा गैस सिलेंडर भी गर्म होने लगा, जिससे बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई। इसी दौरान मौके पर पहुंचे टिमरनी विधायक अभिजीत शाह ने साहस दिखाते हुए रसोई में प्रवेश किया और गर्म हो चुके गैस सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान विधायक का हाथ भी झुलस गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर प्राथमिक शाला खुदिया में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान चूल्हे से निकली आग रसोई में फैल गई। स्कूल में मौजूद कर्मचारियों और प्रबंधन ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। रसोई में रखा गैस सिलेंडर आग की चपेट में आने से लगातार गर्म हो रहा था। इससे सिलेंडर फटने की आशंका के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आग लगने की सूचना मिलने पर विधायक अभिजीत शाह मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देर किए आग और धुएं के बीच रसोई में प्रवेश किया। विधायक ने वहां रखा गर्म गैस सिलेंडर बाहर निकाला और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पानी डाला गया। सिलेंडर बाहर निकालने के दौरान विधायक का हाथ झुलस गया।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार, जिस समय रसोई में आग लगी, उस दौरान विद्यालय में करीब 265 बच्चे मौजूद थे। गैस सिलेंडर को समय रहते रसोई से बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया और सभी बच्चे सुरक्षित रहे।

विधायक अभिजीत शाह ने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य बच्चों को किसी भी तरह के खतरे से बचाना था। आग की स्थिति गंभीर थी, इसलिए उन्होंने पहले गैस सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकालना जरूरी समझा। घटना के बाद स्कूल परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा