भोपाल में हमीदिया रोड पर फर्नीचर शोरूम और गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
भोपाल, 14 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के व्यस्त हमीदिया रोड पर मंगलवार सुबह एक फर्नीचर शोरूम और उसके गोदाम में भीषण आग लग गई। इस हादसे में शोरूम में रखा लाखों रुपये का कीमती फर्नीचर जलकर खाक हो गया, जिसे बुझाने में दमकल विभाग को करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
हमीदिया रोड स्थित फर्नीचर शोरूम और उसके गोदाम में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। हादसे की खबर मिलते ही दमकल विभाग की टीमें हरकत में आईं। आग की गंभीरता को देखते हुए फतेहगढ़, बोगदा पुल, कबाड़खाना, बैरागढ़ और गांधीनगर जैसे कई इलाकों के फायर स्टेशनों से दमकलें और पानी के टैंकर तुरंत मौके पर रवाना किए गए। फायर फाइटर नौशाद अली ने बताया कि कई दमकल वाहनों और पानी के टैंकरों की मदद से लगातार बौछारें करने के बाद सुबह करीब 10:20 बजे यानी पूरे 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
लाखों का सामान खाक, शॉर्ट सर्किट की आशंका
इस भीषण अग्निकांड के कारण शोरूम और गोदाम में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। नष्ट हुए सामानों में भारी मात्रा में सोफे, बेड, डाइनिंग टेबल, अलमारी, टी टेबल और घरों में उपयोग होने वाले कई अन्य सजावटी सामान शामिल थे। हालांकि, आग लगने की वास्तविक और सटीक वजह अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ होगा। फिलहाल, पुलिस ने इस घटना को लेकर अपनी जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत