भोपाल में एथेनॉल से भरे टैंकर के केबिन में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला
- टैंकर का केबिन जलकर खाक
भोपाल, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आयशर कॉलेज के पास एथेनॉल से भरे एक टैंकर के केबिन में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि आग टैंकर के पिछले हिस्से तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। दमकल विभाग की मुस्तैदी से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार सुबह करीब 11:15 बजे की है। आयशर कॉलेज के पास सड़क किनारे खड़े या गुजर रहे एक टैंकर के केबिन से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। संबंधित डिपो के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि टैंकर के पिछले हिस्से (कंटेनर) में एथेनॉल भरा हुआ था। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल मोर्चा संभाला और महज एक ही फायर ब्रिगेड वाहन की मदद से पानी की बौछारें कर आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों ने आग को केबिन तक ही सीमित रखा और उसे पीछे एथेनॉल वाले मुख्य टैंक तक फैलने नहीं दिया। यदि आग टैंक तक पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि इस घटना में ट्रक का पूरा केबिन जलकर खाक हो गया।
दमकल विभाग और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि केबिन में आग किन कारणों से लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में इसे अज्ञात शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हादसे के समय और आग बुझने के बाद भी ट्रक का चालक मौके पर नहीं मिला। ऐसे में आग कैसे लगी और चालक कहां गया, इसे लेकर भी जांच की जा रही है।
घटना के दौरान सड़क पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया। अधिकारियों का कहना है कि ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका है, लेकिन एथेनॉल सुरक्षित है और कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस लापता ड्राइवर की तलाश करने और आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत