राजगढ़ः एचपीवी वैक्सीनेशन में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, 53 सीएचओ को नोटिस

 


राजगढ़, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में चल रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर ने अभियान में लापरवाही बरतने पर 53 सीएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में टीकाकरण कार्यों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। बैठक में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा में सामने आया कि जिले के कई विकासखंडों सारंगपुर, ब्यावरा, नरसिंहगढ़, राजगढ़, खिलचीपुर और जीरापुर में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स की उपलब्धता अपेक्षा से काफी कम रही। निर्धारित 52 प्रतिशत के मुकाबले औसत उपस्थिति केवल 30 प्रतिशत दर्ज की गई। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए कुल 53 सीएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए है साथ ही तीन दिवस में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए है।

जिला टीकाकरण अधिकारी के अनुसार जिले में 15,942 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित है, जिनमें से अब तक 8,478 बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। कलेक्टर ने शेष लक्ष्य को एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मैदानी स्तर पर सतत निगरानी रखने, टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर का कहना है एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान बालिकाओं एवं महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण पहलू है, इसलिए इसमें पूर्ण समन्वय और गंभीरता आवश्यक है। प्रशासन के इस सख्त रुख से उम्मीद है कि जिले में टीकाकरण की रफ्तार तेज होगी और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सकेगा। यह कदम प्रदेश में स्वास्थ्य जागरूकता और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक