अनूपपुर: कार दुर्घटना में महिला प्रोफेसर और चालक घायल

 


अनूपपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर के जैतहरी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार सड़क से फिसलकर पलट गई। इसमे शासकीय कन्या महाविद्यालय अनूपपुर की प्रोफेसर और कार चालक घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार घायल महिला 38 वर्षीय शारदा अग्रवाल पत्नी अभिषेक अग्रवाल, निवासी बिलासपुर से अनूपपुर आ रही थीं। जैतहरी पहुंचने पर बिलासपुर-अनूपपुर मार्ग पर उनकी कार अचानक सड़क से नीचे उतरकर फिसल गई और दो पलटी खाकर पलट गई। दुर्घटना में प्रोफेसर शारदा अग्रवाल के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। कार चालक को भी चोटें लगी हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद प्रोफेसर शारदा अग्रवाल को जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कार चालक का इलाज जैतहरी में किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला का एमआरआई जांच के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला