बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मादा भालू की संदिग्ध मौत, पार्क प्रबंधन ने बताया प्राकृतिक मृत्यु
उमरिया, 20 जून (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक बार फिर वन्यजीव की मौत का मामला सामने आया है। पनपथा बफर रेंज में एक मादा भालू का शव मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। पार्क प्रबंधन ने प्रथम दृष्टया इसे प्राकृतिक मृत्यु बताया है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि 19 जून को पनपथा सब डिवीजन के पनपथा बफर परिक्षेत्र अंतर्गत बीट जगुआ में नियमित गश्त के दौरान वन अमले को मादा भालू का शव मिला। इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
घटना स्थल को सुरक्षित कर आसपास के क्षेत्र में सघन जांच और सर्चिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई। इसके बाद शव को रातभर सुरक्षित रखा गया।
शनिवार 20 जून को क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की मौजूदगी में वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अभय सेंगर (संजय टाइगर रिजर्व, सीधी) द्वारा भालू के शव का पोस्टमार्टम एवं परीक्षण किया गया। जांच के लिए आवश्यक सैंपल भी सुरक्षित रखे गए हैं।
पोस्टमार्टम के दौरान मृत मादा भालू की उम्र लगभग 8 से 9 वर्ष पाई गई। शव परीक्षण के बाद शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार उसका दाह संस्कार कर दिया गया।
वन विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में भालू की मौत प्राकृतिक कारणों से होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र संचालक बांधवगढ़, सहायक संचालक पनपथा, परिक्षेत्र अधिकारी पनपथा कोर, तहसीलदार बरही, ग्राम पंचायत हरवाही के सरपंच सहित अन्य वन अमला मौजूद रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी