शहडोल: खेत की मेढ़ पर अरहर उगाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रहे सुडवार गांव के किसान

 




शहडोल, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू विकासखंड का सुडवार गांव खेती में नवाचार और आत्मनिर्भरता की अनूठी मिसाल बनकर उभर रहा है। यहां के किसानों ने सीमित कृषि भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए धान की खेती के साथ खेतों की मेढ़ों पर अरहर की फसल लगाना शुरू किया है। किसानों की इस पहल से न केवल दलहन उत्पादन बढ़ रहा है, बल्कि परिवारों की सालभर की दाल की जरूरत भी अपने खेतों से पूरी हो रही है। किसानों का यह अभिनव प्रयोग अब आसपास के गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गया है।

मेढ़ों का सदुपयोग कर उगा रहे अरहर

सुडवार गांव के किसान संतोष सिंह लगभग दो एकड़ भूमि में धान की खेती करते हैं। पहले उनके खेतों की मेढ़ खाली पड़ी रहती थी, जहां घास और खरपतवार उगते थे। उन्होंने मेढ़ों पर अरहर की फसल लगाना शुरू किया। इससे उन्हें धान के साथ लगभग 130 से 150 किलोग्राम तक अरहर का उत्पादन मिलने लगा है। संतोष सिंह बताते हैं कि इससे उनके परिवार की सालभर की दाल की जरूरत पूरी हो जाती है और खेतों की मेढ़ का भी बेहतर उपयोग होने लगा है।

इसी तरह गांव के किसान हरीदीन सिंह लगभग एक एकड़ भूमि में धान की खेती के साथ मेढ़ों पर अरहर लगाते हैं। इससे उन्हें 60 से 80 किलोग्राम तक दाल प्राप्त हो जाती है। अब गांव के अधिकांश किसान इस पद्धति को अपना रहे हैं।

विभागीय प्रोत्साहन से बढ़ा नवाचार, दूसरे गांवों के लिए बना मॉडल

गोहपारू विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री सी.बी. बागरी ने बताया कि सुडवार गांव में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। किसान धान की परंपरागत खेती जारी रखते हुए खेतों की मेढ़ों पर अरहर का उत्पादन कर रहे हैं। एक एकड़ खेत की मेढ़ से लगभग 60 से 80 किलोग्राम तक अरहर प्राप्त हो रही है। यदि एक मेढ़ दो किसानों के खेतों की सीमा पर है, तो दोनों किसान अपनी-अपनी ओर अरहर की फसल लगा सकते हैं। इस पहल से आसपास के गांवों के किसान भी प्रेरित हो रहे हैं।

जिले में लगातार बढ़ रहा दलहन का रकबा

सहायक संचालक कृषि रामेन्द्र कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि जिले में पिछले चार-पांच वर्षों से विभागीय योजनाओं के माध्यम से दलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप खरीफ में अरहर तथा रबी में चना और मसूर के रकबे में वृद्धि हुई है। जिले में खरीफ वर्ष 2025 में कुल 27 हजार 500 हेक्टेयर क्षेत्र में दलहन की खेती की गई थी, जो खरीफ वर्ष 2026 में बढ़कर 28 हजार 150 हेक्टेयर हो गई है। इसी अवधि में अरहर का रकबा 14 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 14 हजार 350 हेक्टेयर पहुंच गया है। उड़द के रकबे में 200 हेक्टेयर तथा मूंग के रकबे में 100 हेक्टेयर की वृद्धि दर्ज की गई है।

इसी प्रकार रबी वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 16.09 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में दलहन की खेती की गई थी। इस वर्ष इसके लिए 17.50 हजार हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें चना, मटर, मसूर सहित अन्य दलहन फसलें शामिल हैं।

सुडवार गांव के किसानों की यह पहल साबित कर रही है कि खेती में छोटे-छोटे नवाचार अपनाकर भी बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। खेत की खाली मेढ़ों पर अरहर लगाकर किसान अतिरिक्त उत्पादन प्राप्त करने के साथ अपनी घरेलू जरूरतें पूरी कर रहे हैं। सुडवार गांव का यह मॉडल कम भूमि वाले किसानों के लिए भी आत्मनिर्भरता की नई राह दिखा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला