किसानों की सुविधा सर्वोपरि: सभी गेहूं खरीदी केंद्रों पर सुबह 10 बजे से अनिवार्य खरीदी शुरू हो : कलेक्टर

 


मंदसौर, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में सोमवार को कलेक्टर अदिती गर्ग ने साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन कार्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिले के सभी खरीदी केंद्रों पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से खरीदी अनिवार्य रूप से प्रारंभ की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में किसान को लाइन में खड़ा नहीं रहना चाहिए तथा उनकी सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। कलेक्टर ने किसानों के भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी न होने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी भुगतान समय पर सुनिश्चित किए जाएं और कोई भी प्रकरण लंबित न रखा जाए। इसके साथ ही स्लॉट बुकिंग व्यवस्था, गेहूं परिवहन, हम्माल, बारदान एवं तौल व्यवस्था की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में उर्वरक वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत उर्वरक वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए तथा इसकी प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिले में बनाए गए 10 क्लस्टरों में 1250 किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों को निर्देशित किया कि फायर ब्रिगेड एवं फायर इंजन हमेशा चालू अवस्था में उपलब्ध रहें, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

नशे के विरुद्ध स्कूल-कॉलेजों में चलाएं जागरूकता अभियान : कलेक्टर

कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम, जिला सड़क सुरक्षा समिति, अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति तथा हिट एंड रन प्रकरणों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बघेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में विशेष अवेयरनेस ड्राइव चलाई जाए। शैक्षणिक संस्थानों के बाहर फ्लेक्स एवं सूचना बोर्ड लगाए जाएं, साथ ही क्यूआर कोड भी प्रदर्शित किए जाएं, ताकि कोई भी विद्यार्थी या नागरिक क्यूआर स्कैन कर सीधे शिकायत दर्ज करा सके।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले के सभी फार्मासिस्ट एवं केमिस्ट दुकानों का निरीक्षण कर स्टॉक रजिस्टर की जांच करें तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे नशीली दवाओं के अवैध विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर ने एमपीआरडीसी विभाग को निर्देशित किया कि आदर्श रोड से संबंधित सभी कार्य शीघ्र पूर्ण कर उनकी पूर्णता की जानकारी प्रस्तुत करें। नगर पालिका को फूड जोन के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त बैठक में हिट एंड रन के अंतर्गत घायल एवं मृतकों के प्रकरणों की समीक्षा की गई तथा अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया