किसानों पर टिप्पणी को लेकर भाजपा सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग, किसान कांग्रेस ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

 


भोपाल, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों को लेकर की गई टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बुधवार को राजधानी भाेपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सांसद के बयान पर आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, सांसद पद से इस्तीफा लेने और भाजपा से निष्कासित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों के बारे में इस तरह की टिप्पणी से अन्नदाताओं की मेहनत और सम्मान को ठेस पहुंची है।

किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक ओर किसान सम्मान निधि और किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से किसानों के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर पार्टी के सांसद किसानों को नशेड़ी और गांजा पीने वाला बताने जैसी टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा के किसान सम्मान संबंधी दावों और उसके जनप्रतिनिधियों के बयानों के बीच विरोधाभास बताया।

दरअसल, 9 नवंबर को मऊगंज जिले के रकरी गांव में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों के कामकाज और उनकी दिनचर्या को लेकर टिप्पणी की थी। उनके कथन के अनुसार, किसान साल में तीन महीने खेतों में काम करते हैं और बाकी समय घर पर बैठकर चिलम, गांजा और शराब का सेवन करते हैं। इस टिप्पणी को लेकर किसान कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया है।

धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि किसान भीषण गर्मी, ठंड और बारिश के बीच खेतों में मेहनत कर फसल तैयार करता है। कई बार रात के समय भी खेतों में सिंचाई और अन्य कृषि कार्य करने पड़ते हैं। ऐसे में किसानों के काम और जीवनशैली को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं की ओर से पहले भी किसान आंदोलनों के दौरान किसानों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।

केन्द्रीय मंत्री शिवराज और सीएम मोहन यादव से मांगा जवाब

किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि किसानों के सम्मान से जुड़े इस मुद्दे पर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व क्या कार्रवाई करेगा। चौहान ने कहा कि यदि भाजपा सांसद की टिप्पणी से सहमत नहीं है तो पार्टी को उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रदेशभर में प्रदर्शन, मुख्यमंत्री निवास घेरने की चेतावनी

किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौहान ने बताया कि किसान कांग्रेस प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सांसद के बयान के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। तहसील स्तर पर पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए, वे अपने पद से इस्तीफा दें और भाजपा उन्हें पार्टी से निष्कासित करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो किसान कांग्रेस अपना आंदोलन और व्यापक करेगी तथा मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। चौहान ने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा मुद्दा है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राम मिहिर, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज और किसान कांग्रेस कार्यालय प्रभारी रामशरण राणा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे