अडानी थर्मल पावर परियोजना से प्रभावित किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
अनूपपुर, 18 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में अडानी थर्मल पावर परियोजना से प्रभावित किसानों और युवाओं ने रोजगार, मुआवजा और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई है। प्रभावित ग्रामीणों ने सोमवार को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि 25 मई तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे अनिश्चितकालीन काम बंद और आंदोलन शुरू करेंगे।
ग्राम मझौली, उमरदा, कोठी और गुलीडांड के किसानों का आरोप है कि परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा कई प्रभावित परिवारों को अब तक नहीं मिला है। ग्रामीणों ने लंबित मुआवजा राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि परियोजना क्षेत्र के चारों ओर बनाई गई पक्की बाउंड्री के कारण खेतों में जल निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे खेती को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी उठाई।
प्रभावित लोगों ने परियोजना क्षेत्र में स्थायी अस्पताल, एंबुलेंस सुविधा, बच्चों की शिक्षा, पेयजल व्यवस्था, खेल मैदान और स्टेडियम निर्माण जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही स्थानीय युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर रोजगार देने और स्थानीय वेंडरों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि परियोजना में करीब दो हजार बाहरी लोगों को रोजगार दिया गया है, जबकि स्थानीय प्रभावितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने भारी वाहनों के संचालन से खराब हो रही सड़कों, दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ते प्रदूषण पर भी चिंता जताई। मांग की गई कि सड़क क्षमता के अनुरूप व्यवस्था होने तक भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जाए।
इसके अलावा श्रमिकों से 12 घंटे तक काम कराने और श्रम कानूनों के अनुसार ओवरटाइम भुगतान नहीं करने के आरोप भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने गांवों में सीसी रोड, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रभावित किसानों और युवाओं ने साफ कहा है कि यदि 25 मई तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे अनिश्चितकालीन धरना और काम बंद आंदोलन शुरू करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला