राजगढ़ः कुएं पर मोटर चालू करते समय करंट की चपेट में आए किसान की मौत

 


राजगढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुदाली में गुरुवार दोपहर खेत पर स्थित कुएं की मोटर चालू करते समय करंट लगने से 59 वर्षीय किसान एवं मंदिर के पुजारी की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कुदाली निवासी शिवदास (59)पुत्र हरिदास बैरागी गुरुवार दोपहर अपने खेत पर स्थित कुएं की मोटर चालू करने पहुंचे थे। इसी दौरान वे अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वे मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल नरसिंहगढ़ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि शिवदास बैरागी खेती-किसानी के साथ गांव के मंदिर में पुजारी के रूप में भी सेवा देते थे। उनकी असामयिक मौत से गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्हें करंट किन परिस्थितियों में लगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक