राजगढ़ः नाला पार करते समय किसान का पैर फिसला, डूबने से मौत

 


राजगढ़, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र के ग्राम बांसखेड़ा में मंगलवार सुबह नाला पार करते समय पैर फिसलने से 52 वर्षीय व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद षव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार बांसखेड़ा निवासी 52 वर्षीय पीरु पुत्र नंदा वर्मा मंगलवार सुबह खेत से गाय के लिए घास लेने गया था। इसी दौरान नाला पार करते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया। पीरु काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। नाले के पास उसकी तौलिया पानी में तैरती मिली। बताया गया कि पीरु का खेत घर से करीब एक किलोमीटर दूर है और खेत तक पहुंचने के लिए नाला पार करना पड़ता है। वह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में 26 वर्षीय बेटा है। व्यक्ति किन परिस्थितियों में नाले में गिरा, इसका वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक