फर्जी एआई-जनरेटेड पोस्टर मामले में कांग्रेस ने साइबर क्राइम से की एफआईआर की मांग

 


भोपाल, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर क्राइम) साई मनोहर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम से सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित फर्जी एवं एआई जनरेटेड पोस्टर की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कुंदन पंजाबी, अवनीश बुंदेला, रोशनी यादव, प्रवीण धौलपुर, अभिनव बरोलिया, विक्रम चौधरी और जिला संगठन महासचिव अभिषेक शर्मा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे।

कांग्रेस का आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक कथित फर्जी एवं एआई-जनरेटेड पोस्टर प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें एक राष्ट्रीय दैनिक के नाम और स्वरूप का उपयोग करते हुए जीतू पटवारी के नाम से भ्रामक कथन प्रसारित किया गया है। पार्टी का कहना है कि इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने और लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया गया है। ज्ञापन में कांग्रेस ने दावा किया कि उपलब्ध सोशल मीडिया साक्ष्यों के आधार पर जितेंद्र प्रताप सिंह, अजय सेंगर और रवि गुर्जर की इस पोस्टर के निर्माण और प्रसार में कथित भूमिका की जांच कराई जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि सोशल मीडिया पर फर्जी और एआई-जनरेटेड सामग्री के जरिए दुष्प्रचार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे