सतना : नगर निगम के पास ‘कलकत्ता फ्लॉवर’ के गोदाम में धधकी आग, काले धुएं से दहला शहर

 


सतना, 16 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना शहर के व्यस्ततम क्षेत्र सर्किट हाउस चौक में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम कार्यालय के ठीक बगल में स्थित ‘कलकत्ता फ्लॉवर’ डेकोरेशन के गोदाम में भीषण आग लग गई। दोपहर करीब 2:30 बजे लगी आग तेजी से फैल गई और उससे उठ रहा घना काला धुआं लगभग एक किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा।

आग की सूचना मिलते ही आसपास के घरों और दुकानों में हड़कंप मच गया। लोग घबराकर अपने घरों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते गोदाम में रखा शादी-ब्याह और अन्य आयोजनों में उपयोग होने वाला सजावटी सामान आग की चपेट में आ गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, नगर निगम का अमला और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को बुलाया गया और लगातार पानी की बौछार की गई। आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटों ने पास में खड़ी एक कार और एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह जल गए। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके पर शहर के कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

बताया जा रहा है कि यह गोदाम ‘कलकत्ता फ्लॉवर’ की दुकान के पीछे स्थित है, जहां बड़ी मात्रा में सजावटी सामग्री रखी हुई थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस व प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

फायर सेफ्टी व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद शहर में मैरिज गार्डन, डेकोरेशन गोदाम और आयोजन स्थलों में रखे ज्वलनशील सामान के बीच अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अक्सर देखा जाता है कि ऐसे प्रतिष्ठानों में बड़ी मात्रा में सजावटी और ज्वलनशील सामग्री रखी जाती है, लेकिन फायर सेफ्टी उपकरण और आपात व्यवस्था या तो नहीं होते या केवल औपचारिकता तक सीमित रह जाते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा मैरिज हाउस और गोदामों की नियमित जांच शायद ही कभी की जाती है। यदि समय-समय पर सख्ती से निरीक्षण किया जाए तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है। सोमवार की इस घटना ने शहर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी