भोपाल: बेतवा नदी को पुनर्जीवित करने मुहिम शुरू, झिरी में जुटे विशेषज्ञ और प्रकृति प्रेमी

 




- भोपाल से कुरवाई तक चलेगा स्वच्छता अभियान

भोपाल, 10 मई (हि.स.) । राजधानी भोपाल के समीप ग्राम झिरी स्थित बेतवा नदी के उद्गम स्थल को नया जीवन देने और इसे प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए रविवार से एक बड़ी मुहिम की शुरुआत हुई। 'बेतवा अध्ययन एवं जनजागरण समूह' के तत्वावधान में आयोजित बैठक में भोपाल और इंदौर के कई सेवानिवृत्त अधिकारी, पर्यावरण विशेषज्ञ और प्रकृति प्रेमी एकत्रित हुए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सूखे की मार झेल रहे उद्गम स्थल को पुनर्जीवित करना और नदी के प्रवाह क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित करना है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के पूर्व आयकर आयुक्त आर.के. पालीवाल के नेतृत्व में कोलार डैम के पास आयोजित इस बैठक में तय किया गया कि भोपाल से लेकर कुरवाई तक नदी के किनारे स्थित गांवों और कस्बों में सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में वन विभाग के पूर्व अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय वन समितियां भी जुड़ गई हैं। उल्लेखनीय है कि जल संरक्षण के लिए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा नियुक्त एडवोकेट मनीष विजयवर्गीय और डॉ. सुरेश गर्ग जैसे विशेषज्ञ भी इस मुहिम का हिस्सा बने हैं।

बेतवा के प्रति लोगों को जागरूक कर रहा समूह

समूह द्वारा यह प्रयास निरंतर किया जा रहा है। फरवरी-मार्च 2023 में बेतवा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एक सात दिवसीय यात्रा भी निकाली गई थी, जिसमें नदी किनारे के दो दर्जन गांवों और आधा दर्जन शहरों के विद्यार्थियों व नागरिकों से चर्चा की गई थी। वर्ष 2025 में जब बेतवा का उद्गम पूरी तरह सूख गया था, तब जन-सहभागिता के माध्यम से महज एक सप्ताह के श्रमदान से 55 चेक डैम बनाए गए थे, जिससे नदी आंशिक रूप से पुनर्जीवित हुई थी।

10 से 16 मई तक 'श्रमदान सप्ताह' का आयोजन

इस वर्ष की कार्ययोजना के तहत 10 से 16 मई तक 'श्रमदान सप्ताह' का आयोजन किया जा रहा है। पिछले साल की तुलना में इस बार और अधिक संख्या में चेक डैम बनाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि बारिश के पानी को रोककर भूजल स्तर बढ़ाया जा सके। इस अभियान में भोपाल, विदिशा, सीहोर, बैतूल और इंदौर से आए प्रकृति प्रेमी अपनी सेवाएं देंगे। प्रशासन और विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की जन-भागीदारी से न केवल नदी का अस्तित्व बचेगा, बल्कि भविष्य में जल संकट से भी प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत