मंदसौरः साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न

 


मंदसौर, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में सोमवार को कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संबल पंजीयन अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि से संबंधित लंबित प्रकरणों का सीएमओ एवं जनपद पंचायतों के सीईओ प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि सभी स्कूलों में जर्जर भवनों का सर्वे कर उन्हें चिन्हित किया जाए। जर्जर भवनों में विद्यार्थियों को न बैठाया जाए और न ही वहां शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएं। साथ ही स्कूल भवनों के आवश्यक मरम्मत एवं मेंटेनेंस कार्य समय पर कराए जाएं। सभी नगरीय निकायों को भी अपने क्षेत्र के जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार उन्हें ध्वस्त (डिस्मेंटल) करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जून माह से जिले के सभी विकासखंडों में राहगीर अभियान प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन हेतु सभी एसडीएम को आवश्यक तैयारियां करने तथा पटवारियों को प्रशिक्षित कर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम की समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसे प्रकरण जो निर्धारित समय-सीमा के बाद निराकृत किए गए हैं, उनमें संबंधित अधिकारियों पर प्रति प्रकरण 5 हजार रुपये का जुमार्ना अधिरोपित किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया