अनूपपुर: आयोजनों से नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका- श्रवण कुमार उपाध्याय

 


अनूपपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की क्षमता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ वास्तविक जीवन की व्यवस्थाओं और सामाजिक दायित्वों से जोड़ना उनके व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत उपयोगी है।

यह बात गुरूवार को मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय अमरकंटक में ग्रामीण विकास मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय एवं नवोदय विद्यालय समिति के दिशा-निर्देश एवं प्राचार्य अर्चना सिंह के मार्गदर्शन में आदर्श युवा ग्राम सभा का आयोजन में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमरकंटक के वरिष्ठ पत्रकार श्रवण कुमार उपाध्याय ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कही। इसके पूर्व विद्यालय की प्राचार्य अर्चना सिंह ने श्रवण कुमार उपाध्याय का पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया।

प्राचार्य अर्चना सिंह ने बताया कि कार्यक्रम उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक व्यवस्था, ग्रामीण विकास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना रहा। उन्होंने कहा कि आदर्श युवा ग्राम सभा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्रामीण प्रशासन एवं विकास की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव मिलता है और उनमें समाज तथा राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।

विद्यार्थियों ने निभाई विभिन्न भूमिकाएं

आदर्श युवा ग्राम सभा के दौरान विद्यार्थियों ने सरपंच, सचिव, कृषि सहायक, युवा प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक एवं ग्रामवासी की भूमिकाओं का प्रभावी निर्वहन किया। विद्यार्थियों ने ग्राम सभा की कार्यवाही को वास्तविक स्वरूप प्रदान करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। जिसमें पीने के पानी, स्वच्छता, खाद-बीज वितरण, प्रधानमंत्री आवास, सड़क एवं नाली निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, बेरोजगारी तथा कचरा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। विद्यार्थियों ने समस्याओं के साथ उनके संभावित समाधान पर भी विचार प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम जीवंत एवं उद्देश्यपूर्ण बन गया।

शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की प्रभावी प्रस्तुति

कार्यक्रम के प्रभारी महेश्वर द्विवेदी, पीजीटी इतिहास, के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने ग्राम सभा की पूरी कार्यवाही को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश कुमार सिंह, टीजीटी सामाजिक विज्ञान, साधना सुमन, पीजीटी भूगोल तथा आशीष, पीजीटी अर्थशास्त्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आदर्श युवा ग्राम सभा ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र की जमीनी प्रक्रिया को समझने के साथ-साथ यह संदेश भी दिया कि एक जागरूक नागरिक केवल समस्याओं की पहचान नहीं करता, बल्कि उनके समाधान में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला