अनूपपुर: एक साल बाद भी 51 में सिर्फ 9 जर्जर शासकीय भवन ढहे, बारिश में मंडरा रहा बड़े हादसे का खतरा
अनूपपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में वर्ष 2025 में सुरक्षा की दृष्टि से चिन्हित किए गए जर्जर शासकीय भवन आज भी लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निरीक्षण के बाद जिले के विभिन्न नगर निकायों में कुल 51 जर्जर भवनों को ध्वस्तीकरण (डिस्मेंटल) के लिए चिन्हित किया गया था। इन भवनों को हटाने के लिए जिला स्तर से 30 जुलाई 2025 को नगर निकायों को एनओसी भी जारी कर दी गई थी, लेकिन एक वर्ष बाद भी कार्रवाई बेहद धीमी रही। अब तक केवल 9 भवनों को ही हटाया जा सका है, जबकि 42 जर्जर भवन आज भी जस के तस खड़े हैं।
लगातार हो रही बारिश के बीच इन भवनों के कभी भी भरभराकर गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में आसपास रहने वाले लोगों, राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अनूपपुर नगर पालिका में सबसे खराब स्थिति
सबसे अधिक 19 जर्जर भवन नगर पालिका अनूपपुर क्षेत्र में चिन्हित किए गए थे, लेकिन इनमें से एक भी भवन अब तक नहीं हटाया गया है। वहीं नगर परिषद अमरकंटक में 13 भवनों में से केवल 1, नगर पालिका बिजुरी में 9 में से 4, नगर परिषद जैतहरी में 5 में से 3 तथा नगर पालिका कोतमा में 1 में से 1 भवन को हटाया गया है। इसके अलावा पसान और बरगवां (अमलाई) में चिन्हित भवनों पर भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
नोटिस जारी, फिर भी कार्रवाई अधूरी
जिले के सभी नगरीय निकायों, एसईसीएल तथा अन्य निजी संस्थानों के जर्जर भवनों को लेकर संबंधित विभागों को नोटिस जारी किए गए थे। लोक निर्माण विभाग ने ध्वस्तीकरण के लिए सहमति भी प्रदान कर दी थी, लेकिन अधिकांश नगर निकायों ने कार्रवाई नहीं की। कुछ भवनों को मरम्मत योग्य बताकर छोड़ दिया गया, जबकि कई भवनों का ध्वस्तीकरण अब भी लंबित है।
बारिश में बढ़ा खतरा
बरसात के मौसम में जर्जर भवनों की दीवारें और छतें अचानक गिरने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। तीन दिन पहले ही कोतमा नगर पालिका क्षेत्र में एक जर्जर भवन का हिस्सा भरभराकर गिर गया था। वहीं करीब छह महीने पहले कोतमा में एक तीन मंजिला लॉज भी धराशायी हो चुका है। इसके बावजूद शेष जर्जर भवनों को हटाने की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
निकायवार स्थिति
जिले में 51 जर्जर शासकीय भवनों में अबतक 9 ही हटाये गये 42 अब भी बाकी हैं। जिसमे नपा बिजुरी के वार्ड क्रमांक 9 में से 5 हटाये गये। नगर परिषद जैतहरी में 5 मे से 3 हटाये गये, अमरकंटक में 13 में 1 हटाया गया। नपा अनूपपुर में 19 में अबतक कोई कार्यवाही नहीं हुई। कोतमा में 1 पसान में 2, बरगवां (अमलाई) 2 की हटाने की कार्यवाही नहीं की गई हैं।
क्या बोले अधिकारी
मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशांक आर्मो ने शुक्रवार को बताया कि नगर पालिका अनूपपुर क्षेत्र में चिन्हित जर्जर भवनों की जानकारी लेकर शीघ्र ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला