सागर: खुरई में 'एक पेड़ माँ के नाम' कार्यक्रम के तहत लगे 1.20 लाख पौधे

 


सागर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश सागर जिले के खुरई विधानसभा क्षेत्र में रविवार को पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के तहत पूरे क्षेत्र में 1.20 लाख पौधों का रोपण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता के बिना इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करना मुमकिन नहीं था। खुरई की जागरूक जनता ने ‘‘ग्रीन खुरई क्लीन खुरई‘‘ के संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर साबित किया है।

आवासीय कालोनी प्रांगण में आयोजित मुख्य वृक्षारोपण कार्यक्रम में हजारों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए। विधायक भूपेन्द्र सिंह ने एक शिक्षक की भूमिका में बच्चों से संवाद किया और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने मां और वृक्ष की तुलना करते हुए कहा कि दोनों ही जीवनभर निस्वार्थ भाव से समाज को देते हैं। माता-पिता बच्चों के भविष्य के लिए समर्पित रहते हैं, तो वृक्ष मानव जीवन को ऑक्सीजन, फल, छाया और जल संरक्षण प्रदान करते हैं। वर्तमान में बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग, अनियमित वर्षा और गिरते भूजल स्तर का एकमात्र स्थायी समाधान व्यापक वृक्षारोपण और उनकी देखभाल करना है।

अपने संबोधन के दौरान पूर्व गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर 20 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘‘नशे से दूरी है जरूरी‘‘ कार्यक्रम का जिक्र किया। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से इस नशा विरोधी रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। इस अवसर पर पं. केसी शर्मा स्कूल की छात्रा साक्षी कोरी और छात्र अरशद खान ने मंच से तुलसी के औषधीय व धार्मिक महत्व की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के साथ ही पं. केसी शर्मा स्कूल प्रांगण में एक भव्य छात्र कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ पूर्व गृहमंत्री ने 140 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। खुरई विकासखण्ड में इस योजना के तहत कुल 911 छात्राओं को साइकिलें बांटी जा चुकी हैं। भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बच्चों की शिक्षा के लिए ड्रेस, किताबें, स्कॉलरशिप, कंप्यूटर और स्कूटी जैसी योजनाएं चला रही है।

इस वर्ष स्कूल का कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 88 प्रतिशत रहने पर उन्होंने पूरे टीचिंग स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्कूल के 40 बच्चों को लैपटॉप की राशि मिली है। वहीं, मेरिट में स्थान बनाने वाले छात्र ऋतिक कुर्मी (एग्रीकल्चर) और रिंकी साहू (आर्ट्स) को स्कूटी प्रदान की गई है। इसके अलावा दो छात्रों (अजय पटेल और अनुज यादव) का चयन पीएटी परीक्षा में हुआ है।

इस भव्य आयोजन के दौरान अपर कलेक्टर मनोज चौरसिया, एसडीएम शर्मा, तहसीलदार ऋतु राय, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्हीं बाई अहिरवार, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, सीएमओ राजेश मेहतेल सहित वरिष्ठ भाजपा नेता विजय जैन बट्टी, चंद्रप्रताप सिंह, अजीत सिंह अजमानी, नीतिराज पटेल, बलराम यादव, रश्मि सोनी और क्षेत्र के समस्त पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं शासकीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे