अनूपपुर: जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता-प्रभारी मंत्री
अनूपपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश शासन का मुख्य उद्देश्य है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखे। जन सेवा में संवेदनशीलता ही सुशासन की पहचान है। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
यह बात मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम पंचायत पपरेड़ी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने कही।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव दिन रात मेहनत कर रहे हैं तथा देश एवं प्रदेश में प्रगति का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। शिविर के दौरान ग्रामीणों से उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि जिले के विकास में प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है। शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और आमजन विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण करें। उन्होंने कहा कि धरातल स्तर पर शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन तथा आमजन के बीच योजनाओं की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी
शिविर में राजस्व, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय प्रशासन, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों से अवगत कराया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जानकारी एवं सेवा संबंधी स्टॉलों के माध्यम से भी आमजन को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को मिला लाभ
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन, विकासखंड जैतहरी द्वारा नगद साख के अंतर्गत 88 लाख रुपए की राशि स्व-सहायता समूहों की दीदियों को आजीविका संवर्धन गतिविधियों के लिए प्रदान की गई। वहीं संबल अनुग्रह सहायता योजना के तहत 1 हितग्राही तथा कर्मकार अनुग्रह सहायता योजना के तहत 1 हितग्राही को सहायता प्रदान की गई। संबल योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को पंजीयन प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। राजस्व विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को भूमि के पट्टे प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लाड़ली लक्ष्मी योजना के 4 हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसी प्रकार सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत 4 हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति पत्रक प्रदान किए गए। शिविर में हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
शिविर में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, विधायक अनूपपुर बिसाहू लाल सिंह, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, पूर्व अध्यक्ष रामदास पुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी, हितग्राही आम स्थानीय नागरिक उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला