दतिया के विकास के लिए भाजपा को जिताएं, सेवा का अवसर दें: आशुतोष तिवारी
दतिया, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के तहत भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मंगलवार को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों और वार्डों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान आशुतोष तिवारी रिछारी, नयागांव, जखोरिया, बरगांव, भिटी, रावरी, डगरा, कुआं, हिनौतिया, भिल्ला, सुनार, सेवनी, सोनागिर, महेवा, मुरेरा, गोविंदपुर, रामसागर सहित दतिया नगर के वार्ड क्रमांक 10, 12, 20 और 21 पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताया।
सभा को संबोधित करते हुए आशुतोष तिवारी ने कहा, मैं दतिया का बेटा हूं। आप सभी भाजपा को विजयी बनाकर मुझे सेवा का अवसर प्रदान करें। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उनका दावा था कि डबल इंजन की सरकार में दतिया के विकास को नई गति मिलेगी।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि यह उपचुनाव केवल दो राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला नहीं, बल्कि दतिया के विकास और क्षेत्र के लोगों के अधिकारों से जुड़ा चुनाव है। उन्होंने स्वयं को जनता का सेवक बताते हुए कहा कि भाजपा की जीत से क्षेत्र में विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली बार किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया और दतिया विकास की दौड़ में पीछे रह गया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करने का प्रयास करती है तथा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत पर कार्य करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा