सीतामऊ अग्निकांड के बाद व्यापारियों का फूटा गुस्सा, नगर परिषद का घेराव कर किया चक्काजाम

 


मंदसौर, 11 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले के सीतामऊ नगर में रविवार देर रात बस स्टैंड स्थित एक किराना व्यापारी की दुकानों में लगी भीषण आग के बाद सोमवार को व्यापारियों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। नाराज व्यापारियों ने नगर परिषद का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और बाद में लदुना चौराहे पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन और जाम के कारण नगर में लंबी वाहनों की कतार लग गई। बताया गया कि लगभग एक किलोमीटर तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही और सैकड़ों वाहन फंसे रहे।

व्यापारियों का आरोप है कि नगर परिषद की लापरवाही और खराब फायर ब्रिगेड व्यवस्था के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। आगजनी में कॉम्प्लेक्स की नीचे स्थित तीन और ऊपर की दो दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। व्यापारियों का कहना था कि यदि समय पर दमकल पहुंच जाती तो नुकसान काफी कम हो सकता था।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए। मौके पर पहुंचीं शिवानी गर्ग ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि शाम तक सीतामऊ में फायर ब्रिगेड उपलब्ध करा दी जाएगी, जो स्थायी व्यवस्था होने तक नगर में तैनात रहेगी। उन्होंने आगजनी से प्रभावित दुकानदारों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की बात भी कही।

प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद सीएमओ की कार्यशैली और नगर में अतिक्रमण की समस्या को लेकर भी नाराजगी जताई। इस पर एसडीएम ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान लोग स्थानीय विधायक हरदीप सिंह डंग को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे, लेकिन विधायक प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचे। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया