मंदसौर में 12 करोड़ की सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त, दो मकानों पर चला बुलडोजर

 


मंदसौर, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर में शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। कस्बा मंदसौर स्थित चिकित्सा विभाग को आवंटित शासकीय सर्वे नंबर 40 की 0.30 हेक्टेयर जमीन पर किए गए अवैध कब्जे हटाए गए। इस दौरान दो मकानों सहित अन्य अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।

तहसीलदार नीलेश पटेल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नफीस, फिरोज पिता शरीफ खान और जगदीश पिता गोवर्धन के कथित अवैध कब्जे हटाए गए। चिकित्सा विभाग को आवंटित इस जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई गई है।

अभियान के दौरान शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया। कार्रवाई में नायब तहसीलदार अभिषेक चौरसिया सहित राजस्व विभाग का अमला मौजूद रहा। शहर में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई से कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया