जबलपुर : सदर में अवैध निर्माण पर बुलडोजर, कैंट बोर्ड और रक्षा संपदा विभाग की संयुक्त कार्रवाई
जबलपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के सदर क्षेत्र में बुधवार को कैंट बोर्ड और रक्षा संपदा विभाग ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जायसवाल पेट्रोल पंप के पीछे बंगला नंबर 25 स्थित चंसोरिया कंपाउंड में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल के साथ सेना की क्विक रिस्पांस टीम तैनात रही। सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच प्रशासनिक अमले ने निर्माण को जमींदोज किया। मौके पर कार्रवाई देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
अधिकारियों के मुताबिक, चंसोरिया कंपाउंड में बिना अनुमति निर्माण किया जा रहा था। इसे लेकर पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन निर्माण कार्य जारी रहने पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
छावनी क्षेत्र में नियमों के विपरीत निर्माण के खिलाफ प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण पर सख्ती जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक