अनूपपुर: तीन हाथियों का समूह 96 दिन से जिले में घूम रहा, घरों में तोडफोड़ कर फसलों को पहुंचा रहे नुकसान
अनूपपुर, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में तीन हाथियों का समूह 96वें दिन शनिवार को जिले में विचरण कर रहा है। यह हाथी सुबह वन परिक्षेत्र अहिरगवां के टिटही जैतहरी के जंगल में डेरा जमाये हुए हैं। हाथियों द्वारा तीन दिनों के मध्य तीन घरों एवं एक झोपडी में तोड़फोड़ कर अंदर रखे अनाज को खाया, वहीं कई किसानों के खेत एवं बाडी में विभिन्न तरह की फसलों को आहार बनाते रहे।
जिले में तीन हाथियों का समूह 96 दिन पूर्व छत्तीसगढ़ की सीमा को कर जिले जैतहरी, अनूपपुर वन परिक्षेत्र की सीमा पार कर एक दिन शहडोल बुढार क्षेत्र में विचरण करते हुए विगत चार दिनों से जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के अहिरगवां वन परिक्षेत्र के जंगलों में डेरा जमाया था जो दिन में अराम करते रात में ग्रामीणों के घरों में रखे अनाज, बाडी-खेतों में लगे विभिन्न तरह के अनाजों को खाकर अपना उदर पोषण किया। ग्रामीणों द्वारा हाथियों के समूह को दूर किए जाने पर कई गांव में कई बार हाथियों ने दौड़ाया।
दिन तीनों में हाथियों ने कठौतिया निवासी छोट्ठन कोल, सामतपुर निवासी विष्णु कोल, ग्राम पंचायत अल्वार के ग्राम घाटा बैरागी निवासी वीर सिंह के खेत में लगी गेहूं एवं चना की फसलों को कई घंटे तक खाते हुए गेंद सिंह गोंड, अमरा नायक के घरो की दीवाल को तोड़कर घर के अंदर रखे अनाज को खाया। हाथी पंचायत सरई के रामटोला, खुसुरगोंड पयारी से वन बीट अहिरगवां निवासी पूर्व जनपद अध्यक्ष पुष्पराजगढ़ शिवपाल सिंह के घर की दीवाल तोड़कर घर के अंदर रखे विभिन्न तरह की अनाजो से भरी बोरियों को फाड़कर खाया, तरेरा निवासी राजेंद्र सिंह के खेत में बनी झोपड़ी को तोड़कर रखें दो बोरी मसूर को खाया शनिवार की सुबह टिटही / जैतहरी बीट के जंगल में डेरा जमाये हुए हैं।
हाथियों के समूह के आने पर ग्रामीण विभिन्न माध्यमों से अपने क्षेत्र से दूर करने की कोशिश करते रहें, इस बीच हाथियों ने भी अपने बचाव के लिए आम जनों को दौड़ाते भगाते रहे। गस्ती दल ग्रामीणों के साथ हाथियों के विचरण पर निरंतर निगरानी रखते हुए ग्रामीण को सुरक्षा हेतु सर्तक कर रहें। वहीं राजस्व विभाग के पटवारी ने हाथियों के समूह द्वारा किए गए विभिन्न तरह के नुकसान का ग्रामीणों के साथ स्थल पर पहुंचकर राहत पर प्रकरण तैयार किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला