भिंड डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, ई-मेल से मिली सूचना पर खाली कराया परिसर
भिंड, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड शहर के मुख्य डाकघर स्थित पासपोर्ट शाखा में बुधवार सुबह एक धमकी भरे ई-मेल ने प्रशासन और पुलिस को अलर्ट मोड पर ला दिया। मेल में डाकघर परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह डाकघर खुलने के बाद पासपोर्ट शाखा में नियमित रूप से ई-मेल चेक किए जा रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध ई-मेल सामने आया, जिसमें परिसर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया था। धमकी की गंभीरता को देखते हुए पासपोर्ट प्रभारी ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद बिना देर किए पूरे डाकघर को खाली करा लिया गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को घेर लिया गया, मुख्य मार्गों पर यातायात रोक दिया गया और आसपास का बाजार भी बंद करा दिया गया। अचानक बढ़ी पुलिस गतिविधि से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बम और डॉग स्क्वॉड की सघन जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने डाकघर परिसर और आसपास के क्षेत्र में घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
ई-मेल की जांच जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की हर पहलू से जांच की जा रही है। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है और मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए सतर्क बनी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे