जबलपुरः होटल ग्रैंड रेजिडेंसी में बिजली चोरी पकड़ी, केबल काटकर आपूर्ति बंद

 


जबलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में विजयनगर संभाग के एकता नगर फीडर क्षेत्र में विद्युत विभाग की शनिवार को औचक जांच में होटल ग्रैंड रेजिडेंसी में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का मामला सामने आया है।

जांच दल ने मीटर में बाहरी शंट लगाकर बिजली की खपत कम दर्ज कराने का मामला पकड़ा। कार्रवाई के दौरान विभाग ने भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर 10 लाख रुपये की अंतरिम बिलिंग का पंचनामा तैयार किया। इसके साथ ही मुख्य केबल काटकर होटल की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई।

विद्युत विभाग के प्रबंधक आईटी अमित सिंह, कनिष्ठ अभियंता भरत भानेश तथा लाइन स्टाफ दिनेश श्रीवास्तव और महेंद्र दुबे की संयुक्त टीम ने होटल परिसर की जांच की। इस दौरान मीटर की वास्तविक खपत और होटल में संचालित विद्युत उपकरणों के लोड में बड़ा अंतर पाया गया। होटल में सेंट्रलाइज्ड एसी, लिफ्ट, भारी रसोई उपकरण और अन्य मशीनरी संचालित होने के बावजूद मीटर में बेहद कम खपत दर्ज हो रही थी।

तकनीकी जांच में मीटर के इनकमिंग और आउटगोइंग सिरों के समानांतर एक छिपा हुआ तार मिला। इसके जरिए मीटर की मापन प्रणाली को बाईपास किए जाने की आशंका सामने आई। टीम ने मौके पर अवैध शंट और मीटर की तकनीकी वीडियोग्राफी कराई तथा पंचनामा तैयार कर संबंधित उपकरण जब्त कर लिए।

विभाग ने पूर्व महीनों की औसत खपत, स्वीकृत विद्युत भार और होटल में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के अनुमानित संचालन समय के आधार पर करीब 10 लाख रुपये की अंतरिम राशि निर्धारित की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित पेनाल्टी और रिकवरी राशि जमा होने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।

कार्रवाई के बाद विभाग ने विजयनगर क्षेत्र के अन्य बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की खपत का डेटा भी खंगालना शुरू कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक