जबलपुर : मेडिकल मुख्य मार्ग पर डिवाइडरों में लगी अवैध लाइटें हटाईं, हादसे की आशंका पर बिजली विभाग की कार्रवाई

 


जबलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान संभावित हादसों को रोकने के लिए प्रशासन और विद्युत विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। गोरखपुर क्षेत्र के मेडिकल मुख्य मार्ग पर डिवाइडरों में अवैध तरीके से लगाई गईं बिजली की लाइटों को शनिवार शाम हटवा दिया गया। इन लाइटों से राहगीरों को करंट लगने और दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ था।

जानकारी के अनुसार, बीती रात निरीक्षण के दौरान मेडिकल मुख्य मार्ग पर डिवाइडरों में काफी नीचे अवैध तरीके से लाइटें लगाई जाने की बात सामने आई। बताया गया कि कुछ दुर्गा पूजा पंडाल संचालकों और इलेक्ट्रिशियनों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए ये लाइटें लगाई थीं। इससे पैदल चलने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम गोरखपुर के निर्देश पर पुलिस प्रशासन और विद्युत विभाग की टीम शनिवार शाम करीब 4 बजे मौके पर पहुंची।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डिवाइडरों पर लगी खतरनाक लाइटों को हटवा दिया।

विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता आदित्य परस्ते ने बताया कि विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी विद्युत सुरक्षा में लापरवाही या दुर्घटना की आशंका सामने आएगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

विद्युत विभाग ने दुर्गा पूजा आयोजकों से अपील की है कि वे बिजली संबंधी सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें और ऐसी कोई व्यवस्था न करें, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में पड़े। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक