इंदौर की मंडियों में जनप्रतिनिधियों ने लगाई झाड़ू, दिया स्वच्छता का संदेश, चोइथराम सब्जी और फ्रूट मंडी में चला सफाई अभियान
इंदौर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गुरुवार को ‘एक दिन, एक घंटा, एक स्थान’ अभियान के अंतर्गत शहर की सब्जी मंडियों, फ्रूट मंडियों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, व्यापारिक संगठनों और आमजन ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इसी क्रम में चोइथराम सब्जी मंडी और फ्रूट मंडी में प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर और विधायक मधु वर्मा ने श्रमदान किया। दोनों ने हाथों में झाड़ू लेकर मंडी परिसर में सफाई की और कचरा उठाया। अभियान में मंडी के व्यापारिक संगठनों, एसोसिएशन पदाधिकारियों और व्यापारियों ने भी सहभागिता की।
स्वच्छता के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी
प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर ने कहा कि जागरूक नागरिकों, सफाईमित्रों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार उपलब्धियां हासिल की हैं। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक स्थान’ पहल के माध्यम से सार्वजनिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चोइथराम सब्जी और फ्रूट मंडी जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को स्वच्छ रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापारियों और आमजन से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा मंडी और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी किया श्रमदान
अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सफाई में हिस्सा लिया। जनप्रतिनिधियों और निगम अमले ने झाड़ू लगाने के साथ हाथों से कचरा एकत्र किया। अभियान में एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, पार्षद ओपी आर्य, अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी, एसोसिएशन पदाधिकारी, व्यापारी और आमजन मौजूद रहे।
2 अक्टूबर को भी होगा व्यापक स्वच्छता अभियान
नगर निगम की ओर से दो अक्टूबर को भी शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों और उद्यानों में व्यापक स्वच्छता अभियान और श्रमदान किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता रहेगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे