सागरः ईद-मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस, पुष्पवर्षा और मिष्ठान वितरण के साथ हुआ आत्मीय स्वागत
सागर, 26 अगस्त (हि.स.)। इस्लाम धर्म के प्रवर्तक पैगम्बर हजरत मुहम्मद साहब का जन्म दिवस ईद मिलादुन्नबी बुधवार को मध्य प्रदेश के सागर जिले में पूरे हर्षोल्लास, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज द्वारा निकाला गया जुलूस आकर्षण और आस्था का केंद्र रहा।
जुलूस का शुभारंभ जुमे की नमाज के बाद सदर बाजार स्थित बुरहानी चौक से परचम कुसाई (ध्वजारोहण) के साथ हुआ। जुलूस में बुजुर्ग, हाजी हजरात, नौजवान और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। रास्ते भर युवा और बच्चे 'या नबी-या नबी' के नारे लगाते हुए, नात शरीफ और कलेमात पढ़ते हुए आगे बढ़ रहे थे।
सदर बाजार से प्रारंभ होकर यह जुलूस कबूला पुल, भगवानगंज तिराहा, राधा तिराहा और कटरा जामा मस्जिद से होते हुए पुनः सदर बाजार पहुंचा। जुलूस के समापन के बाद देश में अमन, चैन और शांति की दुआ मांगी गई। इसके पश्चात सभी उपस्थित जनों को तबर्रुक (प्रसादी) का वितरण किया गया।
जुलूस के भगवानगंज पहुंचने पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी की अगुवाई में स्थानीय नागरिकों व कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। जुलूस में चल रहे लोगों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया, गले मिलकर ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी गई और बच्चों व युवाओं को फल तथा मिष्ठान बांटे गए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अशरफ खान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, पं. रवि उमाहिया, सुरेंद्र सिंह राजपूत, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी, अरविंद पंथी, दीपक कुर्मी, समीर मकरानी, इंजी. सत्यम सिंह, साजिद राईन, गुलाब अहिरवार, पवन जाटव, कन्नू कोरी, पंकज बंसल और अर्श खान सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे