ईद मिलादुन्नबी पर भोपाल में निकले जुलूस, बड़ी संख्या में समाजजन हुए शामिल

 


मंगलवारा और अशोका गार्डन से निकले चल समारोह, अखाड़ों ने दिखाए पारंपरिक करतब, यातायात व्यवस्था में बदलाव

भोपाल, 26 अगस्त (हि.स.)। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को भोपाल में मुस्लिम समाज की ओर से विभिन्न स्थानों से जुलूस निकाले गए। मंगलवारा और अशोका गार्डन क्षेत्र से निकले चल समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। मंगलवारा क्षेत्र के जुलूस में अखाड़ों के सदस्यों ने पारंपरिक कला और शौर्य प्रदर्शन किया। महिला प्रतिभागियों ने भी तलवारबाजी के पारंपरिक करतब प्रस्तुत किए।

ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी की ओर से निकाला गया जुलूस इतवारा मस्जिद से शुरू होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए पीरगेट पहुंचा और इमामी गेट पर समापन प्रस्तावित रहा। जुलूस में विभिन्न अखाड़ों के दल भी शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ भोपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द का संदेश देना है।

कमेटी के संरक्षक शमशुअल हसन बल्ली ने कहा कि विभिन्न स्थानों से निकलने वाले जुलूसों का समापन एक मंच पर किया जा सकता है। उन्होंने सामाजिक और मुस्लिम संगठनों से एकजुट होकर आयोजन में शामिल होने की अपील की। कमेटी ने जुलूस को सामाजिक और धार्मिक सौहार्द का मंच बनाए रखने पर जोर दिया।

अशोका गार्डन से भी निकला चल समारोह

मिलाद-उन-नबी के मौके पर अशोका गार्डन क्षेत्र से भी जुलूस निकाला गया। इसमें समाज के वरिष्ठजनों के साथ बच्चे भी शामिल हुए। जुलूस अशोका गार्डन से शुरू होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए जिंसी चौराहा पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया।

जुलूस को देखते हुए यातायात व्यवस्था बदली

दो अलग-अलग स्थानों से जुलूस निकलने के कारण यातायात पुलिस ने पुराने और नए शहर के कई इलाकों में डायवर्जन व्यवस्था लागू की। मंगलवारा क्षेत्र के जुलूस के लिए दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक तथा अशोका गार्डन क्षेत्र के लिए दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक जरूरत के अनुसार यातायात में बदलाव किया गया।

मंगलवारा क्षेत्र में भारत टॉकीज से सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा और छावनी रोड से मंगलवारा थाना की ओर जाने वाले मार्गों के साथ काली मंदिर तलैया से बुधवारा, कोतवाली और इब्राहिमपुरा की ओर जाने वाले रास्तों पर भी आवश्यकता के अनुसार यातायात परिवर्तित किया गया। मोती मस्जिद और पीरगेट के आसपास जुलूस पहुंचने पर संबंधित मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था बदली गई। जुलूस मार्ग पर मध्यम एवं भारी मालवाहक वाहनों के साथ अनुमति प्राप्त वाहनों और सिटी बसों का आवागमन प्रतिबंधित रखा गया।

इन वैकल्पिक मार्गों से आवागमन

यातायात पुलिस के अनुसार रॉयल मार्केट से तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज और हमीदिया रोड होकर वाहन आवागमन कर सकते हैं। मोती मस्जिद, रेतघाट, कमला पार्क और पॉलीटेक्निक चौराहा होकर भी वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहे।

नादरा बस स्टैंड से अल्पना तिराहा, संगम तिराहा, सब्जी मंडी, ओवरब्रिज, बजरिया तिराहा और 80 फीट रोड होकर नए शहर की ओर जाने वाले वाहन निकाले जा सकते हैं।

नए शहर, न्यू मार्केट और मैदा मिल की ओर से आने वाले वाहन कमला पार्क, रेतघाट, सदर मंजिल, रॉयल मार्केट, तीन मोहरा, शाहजहांनाबाद थाना तिराहा और हमीदिया रोड होकर पुराने शहर तथा मुख्य रेलवे स्टेशन की ओर जा सकते हैं।

तलैया थाना और काली मंदिर की ओर से बुधवारा तथा भारत टॉकीज जाने वाले वाहनों के लिए लिली टॉकीज चौराहा, जिंसी चौराहा और पुलिस कंट्रोल रूम की ओर से वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए।

अशोका गार्डन जुलूस का मार्ग

अशोका गार्डन का जुलूस पुष्प नगर पुलिया, नूतन नगर रोड, ऐशबाग रोड, सोनिया कॉलोनी चौराहा, दुर्गा धाम मंदिर रोड, अशोका गार्डन थाना, परिहार चौराहा, मंडी चौराहा और प्रभात चौराहा होते हुए सुभाष नगर ओवरब्रिज पहुंचा। इसके बाद स्लाटर हाउस के सामने से जिंसी चौराहा पहुंचकर जुलूस का समापन हुआ।

जुलूस के दौरान परिहार चौराहा, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज और जिंसी चौराहा क्षेत्र में यातायात को आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से जुलूस के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की। यातायात संबंधी परेशानी की स्थिति में नागरिक यातायात पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 0755-2677340 पर संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे