भोपाल में बकरीद पर दिखे ‘इको फ्रेंडली बकरे, मिट्टी से तैयार मॉडल बने आकर्षण का केंद्र
भोपाल, 28 मई (हि.स.)। देशभर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व मनाया जा रहा है। इसी बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बकरीद को लेकर एक अनोखी पहल चर्चा में रही। सामाजिक संगठन हिंदू उत्सव समिति ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से बने ‘इको फ्रेंडली बकरे’ तैयार किए, जिन्हें लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया।
समिति के अनुसार, मिट्टी से तैयार इन प्रतीकात्मक बकरों की कीमत एक हजार रुपये रखी गई है। संगठन का दावा है कि वह पिछले तीन वर्षों से इस तरह की पहल कर रहा है। समिति के सदस्यों का कहना है कि जिस तरह होली, दीपावली, गणेश उत्सव और अन्य पर्वों को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया जा रहा है, उसी तरह बकरीद पर भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।
समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उनका कहना है कि त्योहारों को प्रकृति के अनुकूल तरीके से मनाने की सोच समाज में सकारात्मक संदेश दे सकती है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि मिट्टी से बने इन बकरों को लेकर कुछ युवाओं ने भी रुचि दिखाई और पर्यावरण संरक्षण के संदेश का समर्थन किया। संगठन का कहना है कि यदि इस पहल से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और पानी की बचत जैसे मुद्दों पर ध्यान जाता है, तो उनका प्रयास सार्थक माना जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा