दशहरे पर एनएसयूआई ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया, भोपाल के पिपलानी चौराहे पर प्रदर्शन

 


भोपाल, 20 अक्टूबर (हि.स.)। वोट चोरी के आरोपों और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाते हुए भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दशहरे पर भोपाल के पिपलानी चौराहे पर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया। उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वोट चोरी से जुड़े सवालों और शिकायतों पर निर्वाचन आयोग को स्पष्ट एवं पारदर्शी जवाब देना चाहिए। संगठन का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की शुद्धता और मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता बेहद महत्वपूर्ण है। किसी भी तरह की अनियमितता की आशंका होने पर उसकी जांच कर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।

हर पात्र मतदाता का नाम सूची में हो

एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए और मतदान प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा कायम रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची या मतदान प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर निर्वाचन आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात

एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष अमित हाटिया ने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और इसी संदेश के साथ संगठन ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने मांग की कि मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे। प्रदर्शन में धीरज वर्मा, अनिमेष गोल्डी, टीआईटी कॉलेज अध्यक्ष हर्ष पटेल, शिखर सिंह, एलएनसीटी अध्यक्ष निशांत ठाकुर, सुमित शर्मा, अनीश कुमार, प्रिंस द्विवेदी और अभिनव मिश्रा सहित एनएसयूआई के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे