पुरुषोत्तम मास में जीवागंज बना आस्था का केंद्र, वृंदावन धाम जैसा दिख रहा माहौल
मंदसौर, 27 मई (हि.स.)। पुरुषोत्तम मास के चलते मध्य प्रदेश के मंदसौर का जीवागंज क्षेत्र इन दिनों भक्ति और आस्था के रंग में पूरी तरह डूबा हुआ है। यहां स्थित श्री गोवर्धननाथ मंदिर और श्री जगदीश मंदिर में विशेष दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रात्रिकालीन विशेष दर्शन के दौरान प्रतिदिन करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालु ठाकुरजी के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं।
पुरुषोत्तम मास के अवसर पर जीवागंज क्षेत्र का माहौल वृंदावन धाम जैसा दिखाई दे रहा है। मंदिरों में पुष्टिमार्गीय वैष्णव परंपरा के अनुसार प्रतिदिन आकर्षक उत्सव और विशेष श्रृंगार किए जा रहे हैं। श्री जगदीश मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को मनमोहक झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति गीतों की गूंज और लंबी कतारों ने पूरे क्षेत्र को तीर्थस्थल जैसा स्वरूप दे दिया है। दूर-दूर से आने वाले दर्शनार्थियों के कारण जीवागंज में दिनभर धार्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। सीएसपी जितेन्द्र भास्कर और कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने मंदिर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए मंदिरों के आसपास कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।
नगरपालिका द्वारा अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था की गई है, वहीं मंदिरों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
समाजसेवी संस्थाएं भी सेवा कार्यों में सक्रिय हैं। राधा कृष्णा ग्रुप द्वारा जीवागंज तिराहे पर श्रद्धालुओं के लिए जल सेवा चलाई जा रही है। यहां तांबे के पात्र में तुलसी अर्क और खस की सुगंधयुक्त शीतल जल श्रद्धालुओं को पिलाया जा रहा है। इसके अलावा शरबत और एकादशी पर साबूदाना खिचड़ी प्रसादी का वितरण भी किया जा रहा है।
स्थानीय निवासी भी श्रद्धालुओं की सेवा में पीछे नहीं हैं। कई घरों के बाहर पेयजल की टंकियां रखी गई हैं ताकि आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि 17 मई से प्रारंभ हुआ पुरुषोत्तम मास 15 जून तक चलेगा और तब तक जीवागंज में इसी तरह भक्ति, सेवा और श्रद्धा का माहौल बना रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया