अनूपपुर: ट्रैक्टर से कुचलकर चालक घायल, सीने और पैर पर चढ़े पहिए
अनूपपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के लीलाटोला में शुक्रवार को ट्रैक्टर चालक 42 वर्षीय ज्ञानचंद्र विश्वकर्मा अपने ही ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वह दादी की तेरहवीं की तैयारी के लिए पानी का खाली टैंकर लेने गए था।
बताया जाता हैं कि भीटीटोला और पुलिया टोला के बीच सड़क पर गड्ढे के पास ज्ञानचंद्र ट्रैक्टर के खुले ब्रेक को हाथ से लॉक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर का अगला पहिया गड्ढे में गिर गया और वाहन अनियंत्रित हो गया। ज्ञानचंद्र ने स्टीयरिंग संभालने की कोशिश की, लेकिन वे ट्रैक्टर के आगे गिर गए। चलते ट्रैक्टर से बचने के लिए उन्होंने बंपर पकड़ लिया, लेकिन हाथ छूट गया। ट्रैक्टर का अगला पहिया उनके सीने और पिछला पहिया दाएं पैर पर चढ़ गया। इसके बाद ट्रैक्टर कुछ दूर जाकर खेत में उतर गया।
घायल ज्ञानचंद्र करीब डेढ़ मीटर दूर गिरे मोबाइल तक घिसटकर पहुंचे और परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजन राजेंद्रग्राम के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। शासकीय एम्बुलेंस नहीं मिलने पर परिजन निजी वाहन से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
बताया गया कि ज्ञानचंद्र अनूपपुर-लीलाटोला मार्ग पर चलने वाली आदर्श बस सर्विस के चालक हैं। दादी के निधन के बाद वे छुट्टी पर थे और शनिवार को होने वाले तेरहवीं कार्यक्रम की तैयारी कर रहे थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला