मंत्रिपरिषद के फैसलों का डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने किया स्वागत, 'कवच' योजना को बताया किसानों के लिए बड़ी राहत

 


भोपाल, 04 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए विभिन्न निर्णयों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मंत्रिपरिषद ने प्रदेश के विकास, किसान कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति देकर जनहित को प्राथमिकता दी है।

डॉ. सोलंकी ने कहा कि प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के डिफाल्टर किसानों को राहत देने के लिए स्वीकृत 'कवच' योजना प्रदेश के किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उनके अनुसार, तकनीकी कारणों से डिफाल्टर की श्रेणी में आए किसानों को इस योजना के माध्यम से राहत मिलेगी और वे दोबारा कृषि ऋण योजनाओं का लाभ लेने के पात्र बन सकेंगे।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत अपेक्स बैंक और जिला सहकारी बैंक 50 करोड़ रुपये जुटाएंगे, जबकि राज्य सरकार 25 करोड़ रुपये अंश पूंजी के रूप में उपलब्ध कराएगी। इस व्यवस्था के जरिए किसानों को डिफाल्टर की श्रेणी से बाहर निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉ. सोलंकी ने कहा कि मंत्रिपरिषद ने खेल अधोसंरचना के विकास, जिला एवं सिविल अस्पतालों के संचालन, वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी हजारों करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। उनका कहना था कि इन निर्णयों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच बेहतर होगी।

उन्होंने शिक्षा क्षेत्र के फैसलों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि नए सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण, शिक्षकों की भर्ती, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्रोत्साहन तथा जनजातीय विभाग के शिक्षकों को चौथा समयमान वेतनमान देने जैसे निर्णय शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं को आगामी वर्षों तक जारी रखने के लिए भी वित्तीय स्वीकृति दी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर गति देती रहेगी। डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने प्रदेश के विकास एवं जनहित से जुड़े इन निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्रिपरिषद का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे