डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर प्रदेशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
भोपाल, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को प्रदेशभर में भाजपा द्वारा बूथ स्तर तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय परिसर और अरेरा मंडल के बूथ क्रमांक-159 स्थित डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उनके विचारों और बलिदान के कारण ही आज ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प मजबूत आधार प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के समय पश्चिम बंगाल के बड़े हिस्से को पाकिस्तान में शामिल करने के प्रयासों का डॉ. मुखर्जी ने दृढ़ता से विरोध किया और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहे डॉ. मुखर्जी के संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण का संकल्प डॉ. मुखर्जी के जीवन का प्रमुख लक्ष्य था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद-370 हटाकर इस ऐतिहासिक संकल्प को साकार किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, सुशासन और विकास की जिस विचारधारा की नींव डॉ. मुखर्जी ने रखी थी, उसे आज देशभर में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।
समान नागरिक संहिता पर व्यापक जनसंवाद
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार भी ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर व्यापक जनसंवाद किया गया है। सभी जिलों और तहसीलों में विभिन्न वर्गों, समुदायों और सामाजिक संगठनों से सुझाव प्राप्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग की राय को महत्व देते हुए लोकतांत्रिक और सहभागी प्रक्रिया के माध्यम से आगे बढ़ रही है तथा आगामी विधानसभा मानसून सत्र में इस दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. मुखर्जी का बलिदान राष्ट्रभक्ति का अमिट उदाहरण : हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना कर डॉ. मुखर्जी ने वैचारिक राजनीति की मजबूत नींव रखी, जो आज विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा के रूप में विकसित हुई है।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कश्मीर में अलग व्यवस्था के विरोध में डॉ. मुखर्जी ने जो संघर्ष किया, वह राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने नई पीढ़ी का आह्वान करते हुए कहा कि युवा वर्ग डॉ. मुखर्जी के त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को सदैव स्मरण रखे तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानकर कार्य करे।
प्रदेशभर के बूथों पर हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम
भाजपा द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर प्रदेशभर के बूथों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्रों एवं प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, डॉ. नंदिता पाठक, राहुल कोठारी, महापौर मालती राय सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे