आगरमालवा : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्रवाद की प्रेरणा: सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी

 


आगरमालवा, 6 जुलाई (हि.स.)। भारत रत्न डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को मध्‍य प्रदेश के आगरमालवा में भाजपा द्वारा जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कॉटन प्रेस परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, अखंड भारत के संकल्प और उनके योगदान को याद करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता एवं क्षेत्रीय सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण, अखंड भारत की अवधारणा और उनका सर्वोच्च बलिदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद देश की सबसे बड़ी शक्ति है तथा इन मूल्यों को समाज तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने देश के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी। वहीं विधायक मधु गेहलोत ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के 'एक विधान, एक निशान और एक संविधान' के संकल्प को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर साकार किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिला मीडिया प्रभारी महेश शर्मा तनोडिया ने बताया कि सम्मेलन में अन्य वक्ताओं ने भी डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा