मंदसौर की डॉ. खुशबू सिसोदिया मध्यप्रदेश में क्रीड़ा अधिकारी नियुक्त

 


मंदसौर, 23 जुलाई (हि.स.)। खेल और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मंदसौर की डॉ. खुशबू सिसोदिया का चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) के माध्यम से क्रीड़ा अधिकारी के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर जिले में हर्ष का वातावरण है।

डॉ. खुशबू सिसोदिया ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, मंदसौर से प्राप्त की। छात्र जीवन से ही उनकी रुचि खेलों, विशेषकर हॉकी, की ओर रही। उन्होंने छठी कक्षा से हॉकी खेलना शुरू किया और विद्यालय की क्रीड़ा कप्तान के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने स्कूल गेम्स की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपने विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।

उच्च शिक्षा के लिए वर्ष 2015 में उन्होंने लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान, ग्वालियर में प्रवेश लिया। यहां से उन्होंने शारीरिक शिक्षा में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद भारतीय खेल प्राधिकरण के नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला से हॉकी में खेल प्रशिक्षण डिप्लोमा प्राप्त कर तकनीकी दक्षता हासिल की।

शिक्षा और शोध के क्षेत्र में भी उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कीं। डॉ. खुशबू ने ग्वालियर से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की। इसी दौरान उन्होंने यूजीसी-नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की, जिससे खेल और अकादमिक दोनों क्षेत्रों में अपनी क्षमता का परिचय दिया।

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा क्रीड़ा अधिकारी के पद पर चयन के साथ डॉ. खुशबू सिसोदिया ने खेल और शिक्षा के क्षेत्र में अपने लंबे परिश्रम को नई पहचान दिलाई है। उनकी सफलता को जिले के युवाओं, विशेषकर खेलों में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया